फर्रुखाबाद। अग्निवीर भर्ती में बदायूं के युवाओं ने ट्रैक पर पसीना बहाया। जनपद की तहसील बदायूं सदर, दातागंज, सहसवान के 6529 युवाओं ने भर्ती में पंजीकरण कराया था।
फतेहगढ़ स्थित राजपूताना रजिमेंट सेंटर में 19 अगस्त से अग्निवीर भर्ती चल रही है। शनिवार शाम से बदायूं की तीनों तहसीलों के युवा फतेहगढ़ पहुंचने शुरू हो गए। रात 12 से साढ़े तीन बजे युवाओं का बरगदिया घाट के पास बने स्थल पर सेना के जवानों ने उनके आधार कार्ड व निवास प्रमाण पत्र की जांच की। शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारियों ने की। यहां से टोलियों में युवकों को रवाना किया गया।
छावनी गेट के पास लंबाई व सीने की नाप के बाद दौड़ के लिए करियप्पा मैदान में भेजा गया। कई चक्रों में दौड़ पूरी हुई। दौड़ में सफल हुए युवकों को शारीरिक दक्षता परीक्षा लंबी कूद, बीम व अन्य में शामिल किया गया। बाकी को बाहर निकाल दिया गया।