फर्रुखाबाद। आदेश की अवहेलना करने पर कोर्ट ने इंस्पेक्टर के खिलाफ कुुर्की नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई के आदेेश दिए हैं। लखनऊ के पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर इंस्पेक्टर के वेतन से 100 रुपये अर्थदंड वसूलकर
15 जनवरी को कोर्ट में जमा करने के लिए कहा है।
एंटी डकैती न्यायाधीश ने लखनऊ के थाना नाका हिंडोला में तैनात इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार यादव को एक मुकदमे में गवाही के लिए तलब किया था। कई तारीख देने के बाद भी इंस्पेक्टर पेशी पर नहीं आए। कोर्ट ने 15 नंवबर को इंस्पेक्टर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिए। इसके बाद भी वह कोर्ट में गवाही देने नहीं पहुंचे।
गुरुवार को न्यायाधीश ने पुलिस आयुक्त लखनऊ को आदेेश दिया कि इंस्पेक्टर के वेतन से 100 रुपये अर्थदंड की कटौती कर 15 जनवरी को कोर्ट में जमा करें। इसके साथ ही कोर्ट ने इंस्पेक्टर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर कुर्की का नोटिस चस्पा करने के आदेश भी दिए हैं।