फर्रुखाबाद। दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के घर पर पुलिस ने कुर्की नोटिस चस्पा किया। डुगडुगी पिटवाकर हाजिर होने की चेतावनी दी है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव जिजुइया निवासी सतीश के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचक दरोगा दीपक ने सतीश की तलाश में कई बार दबिश मारी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। कोर्ट से सतीश के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी होने पर भी वह न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। कोर्ट ने उसके खिलाफ कुर्की नोटिस चस्पा करने के आदेश दिए।
रविवार को विवेचक दीपक कुमार ने दुष्कर्म के आरोपी सतीश के घर जाकर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। डुगडुगी पिटवाकर आसपास के लोगों से सतीश को हाजिर करने के लिए कहा। सतीश के हाजिर नहीं होने पर कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। एसओ आमोद सिंह ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा की कार्रवाई की गई है।