फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल के प्रशासनिक भवन के बाहर आशा कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। कहा कि मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा, जबकि काम का दबाव है। बाउचर पर अस्पताल प्रभारी दस्तखत नहीं करते। यदि मांगें पूरी न हुईं, तो मार्च में बड़ा आंदोलन होगा।
आशा कार्यकर्ता एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष मिथलेश सोलंकी की अगुवाई में कार्यकर्ता शनिवार सुबह 10 बजे प्रशासनिक भवन पहुंचे। उन्होंने दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि विभाग के अधिकारी अन्याय कर रहे हैँ। उनका मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड बनाने का दबाव बनाया जा रहा है। यही नहीं जब भी अपनी बात सीएचसी, पीएचसी प्रभारियों और अन्य अफसरों के सामने कही जाती है, तो अनसुनी कर देते हैं।
अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। यदि फिर भी उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो एक, तीन, 13 और 17 मार्च को बड़ा आंदोलन होगा। फिर भी यदि परेशान किया गया, तो आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। धरना प्रदर्शन में रंजीता, रुचि शुक्ला, लक्ष्मी, निधि शुक्ला आदि कार्यकर्ता थीं।