फर्रुखाबाद। शहर की सातनपुर मंडी में गुरुवार को आलू की आवक कम रही। भंडारण शुरू होने से खरीद तेज होने के साथ भाव में भी उछाल आया है। छट्टा चिप्सोना आलू 1100 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका।
शीतगृहों में आलू का भंडारण शुरू होने से व्यापारी सातनपुर मंडी में आलू की जमकर खरीद कर रहे हैं। मंडी में आवक कम होने से करीब 100 ट्रक ही आलू पहुंचा। इससे भाव में उछाल आने से किसानों के चेहरों पर रौनक दिखी। सामान्य आलू का भाव 651 रुपये से 751 रुपये प्रति क्विंटल रहा।
चिप्सोना, हालैंड व 3797 प्रजाति का सुपर आलू सबसे महंगा बिका। 951 रुपये से लेकर 1101 रुपये प्रति क्विंटल तक आलू की बिक्री हुई। शीतगृहों में भंडारण के लिए आलू लिवाली भी तेज रही है। बुधवार को मंडी में करीब 180 ट्रक आलू पहुंचने से पूरे दिन जाम लगा रहा था।
आढ़तों पर तौल कराने के लिए किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा था।
बिना गेट पास के निकलते रहे वाहन
फर्रुखाबाद। मंडी गेट के चेक पोस्ट पर कर्मचारियों की लापरवाही के चलते अक्सर आलू भरे वाहन बिना गेटपास के ही निकल जाते हैं। इससे मंडी शुल्क को बड़ा नुकसान हो रहा है। इस संबंध में पूछने पर मंडी सचिव दिव्यांशु शुक्ला ने बताया कि गेट पास चेक करने के लिए मंडी निरीक्षक शिवम सक्सेना की जिम्मेदारी है। गेट पास चेक न करने के मामले में मंडी सचिव से पूछताछ की जाएगी। चेकपोस्ट पर और सख्ती की जाएगी। (संवाद)
मंडी में ऑडिट टीम ने डेरा डाला
फर्रुखाबाद। मंडी परिषद लखनऊ से आई तीन सदस्यीय ऑडिट टीम ने डेरा डाल दिया है। टीम ने ऑडिट के लिए सातनपुर मंडी की आय-व्यय, पंजीकरण, वसूली लक्ष्य व की गई वसूली से संबंधित सभी अभिलेख तलब कर लिए। इससे कर्मचारियों में खलबली मची रही। टीम के सदस्यों ने 6आर व 9आर रसीदों का भी मिलान किया। पत्रावलियां तलब करने से कर्मचारी पशोपेश में हैं। मंडी सचिव दिव्यांशु शुक्ला ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 व 20-21 के ऑडिट के लिए टीम ने अभिलेख लिए हैं। ऑडिट चल रहा है। (संवाद)