फर्रुखाबाद। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने अतिरिक्त एसडीएम को ज्ञापन देकर मानक के अनुसार सफाई कर्मियों की नियुक्ति की मांग की। कहा कि सफाई कर्मियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष नीरज वाल्मीकि के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त एसडीएम यदुवंश कुमार वर्मा को आठ सूत्री ज्ञापन सौंपा। उसमें कहा कि नगर पालिका कायमगंज में 2010 से अब तक सेवानिवृत्त सफाई कर्मियों के भुगतान का ब्योरा दिया जाए। मानक के अनुसार 10 हजार की आबादी पर 28 सफाई कर्मी नियुक्त होने चाहिए। इस समय 40 हजार की आबादी है। रिक्त पदों को तुरंत भरा जाना चाहिए।
जिन सफाई कर्मियों की पेंशन राशि का भुगतान बकाया है, उसे तुरंत दिया जाए। स्थायी सफाई कर्मियों को दो माह का वेतन नहीं मिला। संविदा सफाई कर्मियों का एक माह का मानदेय बकाया है। उन्होंने बैकलॉग कर्मियों को मूल पद पर नियुक्त करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय से मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो छह मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। उनके साथ कायमगंज महामंत्री विमल वाल्मीकि आदि थे। (संवाद)