फर्रुखाबाद। यूपी बोर्ड के परीक्षार्थी इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट के लिए 17 मई से आवेदन कर सकेंगे। यह आवेदन माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन हो सकेगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सात जून तक चलेगी। अंतिम तिथि के तीन दिन बाद तक क्षेत्रीय कार्यालयों में इसे ऑफलाइन भी जमा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा होगी। बाद में परिणाम घोषित होगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जा चुका है। जिन विद्यार्थियों को किसी प्रश्न पत्र में कम अंक मिलने की आशंका है, तो वह अंकों में सुधार कराने अथवा किसी विषय में फेल होने पर दोबारा परीक्षा दे सकता है। हाईस्कूल के परीक्षार्थी इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट के लिए आवेदन कर सकते हैं। इंप्रूवमेंट के परीक्षार्थी किसी एक विषय में फेल और कंपार्टमेंट के दो विषयों में फेल होने पर किसी एक विषय के लिए आवेदन कर सकता है। ऑनलाइन आवेदन का परीक्षा शुल्क 256.50 रुपये है।
इंटरमीडिएट में केवल कंपार्टमेंट के लिए आवेदन होगा। इंटरमीडिएट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के परीक्षार्थी किसी एक विषय के लिए आवेदन कर सकते हैं। कृषि भाग-1 व 2 में निर्धारित विषयों में किसी एक प्रश्न पत्र में और व्यवसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्न पत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसका शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया गया है।
परीक्षार्थियों को यह आवेदन परिषद की बेवसाइट पर करना होगा। परीक्षा शुल्क को चालान के माध्यम से जमा करना होगा। फिर चालान की मूल प्रति के साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन का प्रिंट निकालकर उसे रजिस्टर्ड डाक से क्षेत्रीय कार्यालय में 10 जून तक जमा करना होगा। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा के लिए अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है।