शमसाबाद। पानी की टंकी पर सरिया पहुंचाने जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली अन्ना जानवर को बचाने के प्रयास में पलट गई। इसमें चालक समेत तीन लोग दब गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा में पानी की टंकी का निर्माण चल रहा है। गांव गदनपुर चैन निवासी सुभाष यादव (35) ट्रैक्टर से सरिया पहुंचाने जा रहे थे। ट्रैक्टर पर गांव के ही पिंटू (25) और बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव सुकटिया निवासी बबलू (32) बैठे थे। तेज रफ्तार ट्रैक्टर जब प्रहलादपुर के पास पहुंचा। अचानक सामने एक अन्ना जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। इसमें तीनों दब गए।
आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण और राहगीरों ने काफी प्रयास के बाद तीनों को बाहर निकाला। घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टर ने सुभाष व पिंटू को रेफर कर दिया। दोनों का लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। बबलू ने बताया कि वह ट्रैक्टर से काफी दूर जाकर गिरा, लिहाजा उसके चोट कम आई। हालांकि अन्य दोनों साथी भी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
-