फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में शुक्रवार को हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने सामूहिक व एकल नृत्य से खूब धमाल मचाया। नाटकों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी।
एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में फ्रेशर पार्टी, शपथ ग्रहण समारोह का जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व सीएमओ अवनींद्र कुमार ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा क ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण लेने के बाद जहां छात्राओं को रोजगार मिलेगा, वहीं लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर मिलेंगी।
डीएम ने छात्राओं को समर्पण भाव से अभ्यास करने, निष्ठा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं देने, गरिमा और अधिकारों को पहचाने आदि की शपथ दिलाई। एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम, डॉ.दलवीर सिंह, डॉ.यूसी वर्मा ने भी संबोधित किया। विश्व की पहली नर्स फ्लोरेंस नाइट एंगिल के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुए तो छात्राओं ने सामूहिक नृत्य में समा बांध दिया। प्रधानाचार्य साधना कटियार, शिक्षिका अलका, किरन, आरती, जेबा आलम खान आदि ने सहयोग किया।
अव्यवस्था से हास्टल में रह गईं आधी छात्राएं
एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में शासन से लाखों रुपये बजट देने के बावजूद व्यवस्थाएं नहीं सुधर पाईं। छात्राओं ने बताया कि शौचालय के टैंक का पानी बरामदे तक भर जाने से निकलना मुश्किल है। मेस में 3600 रुपये प्रति माह खर्च होने से कई छात्राओं ने 600 रुपये की बचत के लिए सुबह का नाश्ता बंद कर दिया। अव्यवस्थाओं के चलते हास्टल में रह रही 32 छात्राओं में 17 छात्राएं किराए पर कमरा लेकर रही हैं। इससे हास्टल में 15 छात्राएं रहकर प्रशिक्षण ले रही हैं। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि अव्यवस्थाओं की जानकारी कर उन्हें निस्तारित कराया जाएगा।