फर्रुखाबाद। पांचालघाट बिजली उपकेंद्र के जेई पर चेकिंग में वसूली का आरोप लगाकर अधिशासी अभियंता कार्यालय में नारेबाजी की गई। भाकियू नेताओं ने जेई का स्थानांतरण करने की मांग की।
भाकियू (भानुगुट) जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोमवंशी, बबलू दीक्षित, नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार की दोपहर बिजली उपभोक्ता डिवीजन कार्यालय भोलेपुर पहुंचे। वहां अधिशासी अभियंता नगरीय बृजभान सिंह के कार्यालय के बाहर जेई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि पांचालघाट बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता अजीत राजपूत की आम शोहरत ठीक नहीं है। वह उपभोक्ताओं से अभद्रता से बात करते हैं। बिजली चेकिंग के नाम पर वसूली कराते हैं। बेवजह लोगों के घरों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता कार्यालय में ज्ञापन दिया। इस दौरान दिनेश सिंह तोमर, अवधेश सिंह सोमवंशी, रामू राठौर, करुणा शंकर अग्निहोत्री, सुग्रीव सिंह, सर्वेश सिंह, विमल राजपूत आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर अवर अभियंता अजीत राजपूत ने बताया कि बकाया बिल अदा न करने वालों के कनेक्शन काटने का विरोध किया जा रहा है। अवैध वसूली का आरोप गलत है।