फर्रुखाबाद। अग्निवीर की लिखित परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ के साथ पहुंच गया। सेना के जवानों ने पूछताछ के बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद युवक को नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया।
आगरा कोतवाली फतेहाबाद के गांव नौगवां निवासी राहुल सिंह रविवार को फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में अग्निवीर की लिखित परीक्षा देने पहुंचा था।
राजपूत रेजिमेंट सेंटर के सूबेदार मनोज सिंह जवानों के साथ पिंटू गेट पर परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान राहुल के पास से ब्लूटूथ डिवाइस व सिम मिला।
जवान राहुल को सूबेदार मनोज सिंह के पास लेकर पहुंचे। इसके बाद सेना के जवानों ने राहुल को कोतवाली फतेहगढ़ के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने सूबेदार मनोज सिंह की तहरीर पर राहुल के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटीएक्ट का मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने मोबाइल तो बैग में रख दिया, लेकिन डिवाइस रखना भूल गया था। पुलिस ने राहुल को नोटिस तालीम कराकर छोड़ दिया।