फर्रुखाबाद। जनपद की 30 ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना अंतिम तिथि निकलने के बावजूद फीड नहीं की जा सकी। इससे एडीओ व सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
जनपद के सात ब्लाकों में कुल 580 ग्राम पंचायतें हैं। ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराने के लिए 30 अप्रैल तक ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर कार्ययोजना फीड करने के शासन से आदेश थे। सचिवों की लापरवाही के चलते कार्ययोजना फीड नहीं हो सकी। इसके बाद तिथि बढ़ाकर पांच मई कर दी गई। डीपीआरओ ने एडीओ व सचिवों को नोटिस देकर अंतिम तिथि तक कार्ययोजना फीड न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद सोमवार तक ब्लाक कायमगंज व कमालगंज की 13-13, नवाबगंज व राजेपुर की एक-एक और ब्लाक शमसाबाद की दो ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना फीड नहीं हो सकी। हालांकि ब्लाक बढ़पुर व मोहम्मदाबाद में फीडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र ने बताया कि कार्ययोजना की फीडिंग पूरी न करने वाले एडीओ व सचिवों के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई की जाएगी।