कमालगंज। साप्ताहिक बंदी पर दुकानें खुली होने की शिकायत पर श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम जांच करने पहुंची। टीम को देखकर कुछ व्यापारी दुकानें बंदकर खिसक गए। दुकानें खुली मिलने पर छह दुकानदारों के नाम दर्ज कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। टीम के जाने के बाद फिर से कुछ दुकानों के शटर उठ गए।
जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल कुमार टीम के साथ सुबह करीब 11 बजे कमालगंज थाने पहुंचे। यहां से नगर पंचायत कर्मचारी कुलदीप दुबे, अजय तिवारी, इरफान और पुलिस बल के साथ बाजार पहुंचे। टीम ने मुख्य मार्ग, रेलवे स्टेशन रोड और रामलीला मैदान तक निरीक्षण कर दुकानदारों को चेतावनी दी।
कहा कि शनिवार के दिन साप्ताहिक बंदी घोषित है। आगे से अब बंदी के दिन यदि कोई दुकान खुली पाई गई तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा। टीम ने छह दुकानदारों के नाम दर्ज कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी। मिठाई गली के पास कुछ दुकानदारों ने टीम से कहा कि प्रत्येक शनिवार को अभियान चलाया जाए, जिससे बंदी सफल हो सके।
बताया कि कुछ व्यापारी बंदी के आदेश की अवहेलना कर दुकानें खोलते हैं। श्रम परिवर्तन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर वह टीम के साथ पहुंचे थे। दुकानदारों को हिदायत दी गई है। छह दुकानदारों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। टीम के जाने के बाद कुछ व्यापारियों ने शटर उठाकर दुकानें खोल दीं।