फर्रुखाबाद। एसीएमओ ने आयुष्मान योजना की प्रगति बढ़ाने के लिए राजेपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बंद मिला। उन्होंने सीएचसी प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब किया है।
आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति धीमी होने से डीएम की नाराजगी के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है। इसी क्रम में एसीएमओ डॉ.सर्वेश यादव दोपहर दो बजे राजेपुर क्षेत्र के गांव गांधी स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पहुंचे। वहां सीएचओ गायब और सेंटर में ताला पड़ा मिला। एसीएमओ ने बताया कि उन्होंने पास ही स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास खड़े कुछ लोगों से जानकारी की तो पता चला कि कुछ देर के लिए ही सेंटर खुलता है। कभी-कभी तो पूरे दिन बंद रहता है। जबकि चार बजे तक सीएचओ को सेंटर खोलने के आदेश हैं। उन्होंने चाचूपुर, बदनपुर व जमापुर सेंटरों का निरीक्षण किया। वहां सीएचओ मिले, लेकिन आशा नहीं थीं। आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन रहे थे। गांधी में समय से पहले सेंटर बंद मिलने के संबंध में राजेपुर सीएचसी प्रभारी से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। यदि सीएचओ अवकाश पर होगी तो पोर्टल पर ऑनलाइन अवकाश लेने की भी पुष्टि करनी होगी।