फर्रुखाबाद। पत्नी ने ससुरालीजनों पर पति की हत्या कर दाहसंस्कार करने का आरोप लगाकर कोर्ट में अर्जी दायर की है।
कंपिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिकंदरपुर खास निवासी दुर्गेश ने चचिया ससुर विजय मिश्रा, चचिया सास कल्पना मिश्रा, देवर पीयूष मिश्रा व उनकी पत्नी के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में अर्जी दायर की है। इसमें बताया कि 15 फरवरी 2015 को उसकी शादी आयुष मिश्रा के साथ हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुरालीजन दहेज के लिए मारपीट करने लगे। मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। दुर्गेश ने पति सहित ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा कर दिया। कुछ दिनों पहले पति आए। बताया कि संपत्ति के लालच में परिवार के लोग उसकी हत्या कर देंगे। समझौता करके कहीं दूर जाकर रहेंगे। समझौते के लिए कोर्ट में 15 दिसंबर की तारीख तय की गई। निर्धारित तारीख पर कोर्ट पहुंची। पति की ओर से हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र आया था। जानकारी करने पर पता चला कि पति आयुष की 12 दिसंबर को मौत हो गई है।
ससुरालीजनों ने पति का बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया। ससुराल गई तो इन लोगों ने बताया कि आयुष की जैसे हत्या कर अंतिम संस्कार कर दिया वैसे ही तुम्हारी हत्या कर देंगे। थाने व एसपी के यहां प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं की गई।