मोहम्मदाबाद। सपा प्रत्याशी को हरवाने का आरोप लगाकर दबंगों ने ग्रामीण को घर में घुसकर पीटा। आसपास के लोगों के ललकारने पर दबंग असलहे लहराते हुए चले गए। पुलिस ने दे शाम नौ नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी राजेश दुबे का पुत्र राहुल दिव्यांग है। पांच जून को पुत्र राहुल को गांव के पांच दबंग लोगों ने रोक लिया। पुत्र से कहा कि तुम लोगों ने सपा प्रत्याशी को हरवाने का काम किया है। क्षेत्रीय विधायक व सूबे के मुख्यमंत्री को अपशब्द कहे। राहुल ने इसका विरोध किया। गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामले को रफादफा कर दिया।
छह जून को दबंग अपने 20 साथियों के साथ लाठी-डंडे व असलहे लेकर राजेश दुबे के घर के बाहर पहुुंचे और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। राजेश घर के अंदर भागे तो दबंगों ने घर में घुसकर पीटा। महिलाओं के साथ अभद्रता की। आसपास के लोग घर के बाहर एकत्र हो गए। इस पर दबंग धमकी देकर असलहे लहराते हुए भाग गए। मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी राजेश दुबे की तहरीर पर पुलिस ने देर शाम को मोहल्ले के मुन्नू सिंह, अवधेश सिंह, अभय, गुड्डन, विशाल, नितिन, मनोज, राकेश यादव, सनी यादव व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर जान माल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मनोज भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।