नवाबगंज। रेलवे में नौकरी के नाम पर महिला से उसके ही रिश्तेदार ने 9.50 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
जनपद शाहजहांपुर की नहर कालोनी रोड पुवायां निवासी श्रीदेवी ने दो वर्ष पहले नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव उम्मरपुर निवासी रिश्तेदार से पुत्र लालू राजपूत की नौकरी लगवाने के संबंध में संपर्क किया था।
रिश्तेदार ने रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर श्रीदेवी से 9.50 लाख रुपये की मांग की थी। श्रीदेवी ने पुत्र की नौकरी लगवाने के लिए रिश्तेदार को 9.50 लाख रुपये दे दिए। इसमें 5.60 लाख रुपये ऑनलाइन रिश्तेदार के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो श्रीदेवी ने रिश्तेदार से रुपये वापस मांगे। रिश्तेदार ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। श्रीदेवी ने बुधवार को थाने में रिश्तेदार के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बैंक खाते की डिटेल भी दिखाई। पुलिस ने आरोपी रिश्तेदार की तलाश में दबिश मारी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। हल्का इंचार्ज संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)