फर्रुखाबाद। वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। पति व तीन साल की पुत्री घायल हो गई। तीनों लोग बाइक समेत बघार नाला पुल से नीचे खंदी में पड़े मिले। पिता और पुत्री को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
शाहजहांपुर के थाना जलालाबाद के गांव पतलेश निवासी रागनी (28) गुरुवार रात करीब आठ बजे पति मिथलेश और तीन साल की पुत्री अनन्या के साथ बाइक से भाई को राखी बांधने कायमगंज के गांव मझोला स्थित मायके आ रहीं थीं। नवाबगंज क्षेत्र में मंझना के पास बघार नाला के पुल पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक समेत तीनों लोग पुल से नीचे में गिर पड़े।
गुरुवार रात करीब 11 बजे तक बहन और बहनोई के घर न पहुंचने पर ओमपाल परेशान हुए और तलाश में जुट गए। रात में ही बघार नाला पुल के नीचे तीनों लोग बाइक समेत पड़े मिले। सभी को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने रागनी को मृत घोषित कर दिया। पति और बेटी की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने नर्सिंग होम में भर्ती कराया। ओमपाल ने बताया कि उसकी तीन बहनें हैं, जिसमें रागनी सबसे छोटी थीं। रागनी के तीन बच्चे हैं।