कमालगंज। बकाएदारों के कनेक्शन काटने पहुंची बिजली टीम के साथ युवक ने गाली-गलौज की। लाइनमैन से धक्का-मुक्की कर दी। शिकायत पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। अवर अभियंता ने टीम से गाली-गलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी है।
बुधवार को उपखंड अधिकारी रवि पांडेय व अवर अभियंता मदनचंद्र के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने कतरौली पट्टी गांव में शिविर लगाया। इसमें बिल संशोधन व जमा करने का कार्य किया गया। दोपहर बाद एसडीओ, जेई, टीजीटू विकास कटियार, लाइनमैन अंकित, सलमान आदि कर्मचारी बकायेदारों के कनेक्शन काटने गांव पहुंचे। बिल बकाया होने पर टीम श्रीकृष्ण के घर के बाहर पहुंची। उन्होंने श्रीकृष्ण से बकाया 67 हजार 8 सौ 77 रुपये बिल जमा करने की बात कही। बिल जमा करने में आनाकानी करते हुए श्रीकृष्ण के पुत्र सतेंद्र ने टीम के साथ गाली-गलौज कर दी। लाइनमैन विद्युत केबल काटने के लिए पोल पर चढ़ा। सतेंद्र अभद्रता करते हुए उसे पकड़ कर खींच लिया और धमकी देने लगा।
इस पर जेई मदनचंद्र ने थाने पहुंचकर टीम से गाली-गलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी। पुलिस ने सतेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जेई ने बताया कि अभियान के तहत बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। 67 हजार 877 रुपये बकाया होने पर टीम कनेक्शन काटने पहुंची। सतेंद्र ने गाली-गलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।