कमालगंज। बहन और उसके प्रेमी की चाकू से गला रेत कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने 25 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब तक तीन भाइयों को पकड़ कर जेल भेज चुकी है। दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।
थाना क्षेत्र के गांव राजेपुर सरायमेदा निवासी रामकरन (25) का गांव की किशोरी से प्रेम प्रसंग था।
पांच नवंबर की रात 10 बजे किशोरी घर से गायब हो गई थी। किशोरी के भाइयों ने रात करीब दो बजे बहन और रामकरन को गांव के पास एक बाग में पकड़ कर पीटने के बाद चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी।
इसके बाद छह नवंबर की सुबह पांच बजे आरोपी नीटू चाकू लेकर खुद ही थाने पहुंचा था। रामकरन के पिता महावीर ने नीटू, कुलदीप, नितिन, लालू और रतन के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस आरोपी नीटू व नितिन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
तीन आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे थे।
बुधवार रात क्षेत्र में गश्त कर रहे प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने रजीपुर के पास से फरार आरोपी लालू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद गुरुवार को उसका चालान कर जेल भेज दिया गया।