फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजीमेंट सेंटर में शुक्रवार से अग्निवीर की भर्ती शुरू हो रही। सात सितंबर तक चलने वाली भर्ती में कई जिलों के 1.13 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। हर दिन अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
पहले दिन यानि 19 अगस्त को जिले के 11139 अभ्यर्थी अपना दमखम दिखाएंगे। भर्ती की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। युवाओं के आवागमन के लिए पर्याप्त बसों का भी इंतजाम किया गया है।
अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आने वाले अभ्यर्थियों को बरगदिया घाट में एकत्र किया जाएगा। वहां उनके भर्ती से संबंधित प्रपत्रों की जांच के बाद उन्हें 50 व 100 की संख्या में छावनी क्षेत्र के लिए रवाना किया जाएगा। इस बीच ब्लू बेल स्कूल के पास लगाई गई बैरीकेडिंग पर लंबाई व सीना की नाप होने के बाद सेना के मैदान में दौड़ के लिए भेजा जाएगा।
दौड़ में सफल होने वाले युवक शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेगें। सुरक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, रोडवेज वर्कशाप, फतेहगढ़ चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों तैनाती की गई है।
तारीख- जनपद- अनुमानित अभ्यर्थी-
19 अगस्त- फर्रुखाबाद- 11139-
21 अगस्त- बरेली- 15657-
23 अगस्त- हरदोई- 14044-
25 अगस्त- शाहजहांपुर- 10242-
27/28 अगस्त- संभल व बलरामपुर- 10772-
29 अगस्त- पीलीभीत- 7761-
30 अगस्त- लखीमपुर खीरी- 12437-
2 सितंबर- बदायूं- 12117-
3 सितंबर- बहराइच- 6259-
4 सितंबर- सीतापुर व श्रावस्ती- 12613-
6/ 7 सितंबर को रिजर्व दिन में भर्ती में छूटे नौजवान शामिल हो सकते हैं
--------
अग्निवीर भर्ती को संपन्न कराने के लिए जनपद इटावा, कन्नौज, कानपुर देहात, औरैया से फोर्स बुधवार रात को ही पुलिस लाइन पहुंच गया। 6 कंपनी, 1 प्लाटून पीएसी भी जोन से भेजी गई है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने गुरुवार को ड्यूटी पर आए पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए।
बताया कि तीन सीओ, 10 इंस्पेक्टर, 70 दरोगा, 600 सिपाही, आठ टीएसआई, 20 ट्रैफिक जवान सहित पीएसी को 40 से अधिक स्थानों पर लगाया गया है।
अग्निवीरों की भर्ती के दौरान पुलिस लाइन में गठित की गई चार क्यूआरटी व पीआरवी के वाहन गश्त पर रहेंगे। इसके साथ ही भर्ती स्थल से लेकर बाहर अग्नि शमन के वाहन मौजूद रहेंगे।
सेना की खुफिया टीम दलालों पर भी नजर रखेगी। भर्ती के दौरान नौजवानों के विरोध करने पर पुलिस को बल प्रयोग नहीं करने के आदेश भी दिए गए हैं।