फर्रुखाबाद। घर में अकेली महिला ने कमरे में फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद पहुंची सास और पति ने शोरगुल कर आसपास के लोगों को बुलाया। उतारकर उसे लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मायके वालों को सूचना दी गई है।
शमसाबाद थाने के गांव संतोषापुर निवासी हरिओम पत्नी मधुबाला (30), मां बेबी के साथ रहते हैं। उनके पिता बाहर रहकर नौकरी करते हैं। रविवार सुबह हरिओम अपनी मां बेबी के संग छह माह के पुत्र की दवा लेने शमसाबाद चले गए। घर लौटने पर पड़ोसियों ने बताया कि बहू काफी देर से नहीं दिख रही। पति और सास ने कमरे में जाकर देखा, तो कुंडे में रस्सी के सहारे मधुबाला फंदे पर लटकी थी।
इस पर चीख-पुकार मचा दिया। सांस होने की आस में आसपास के लोगों की मदद से शव को उतारकर लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सास बेबी ने बताया कि बहू भी काफी समय से बीमार रहती थी। घर में कोई बात भी नहीं हुई थी। नाती को दवा दिलाने शमसाबाद गए थे। मायके वालों को सूचना दे दी गई है।