जहानगंज। बाइकों की भिड़ंत के विवाद में बीच बचाव करने पर दबंगों ने दरोगा से हाथापाई कर दी। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव न्यामतपुर ठाकुरान निवासी सत्येंद्र सिंह का पुत्र अभिषेक गुरुवार दोपहर को बाइक से कमालगंज जा रहा था। गांव के बाहर पहुंचने पर जहानगंज की ओर से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
इससे दोनों में विवाद हो लगा। अभिषेक के पिता सत्येंद्र सहित परिवार के अन्य लोग पहुंच गए। थाने के दरोगा अजय सिंह बाइक से पुलिस लाइन जा रहे थे।
विवाद होते देखकर वह रुक गए और दोनों पक्षों में बीच बचाव कर समझाने का प्रयास करने लगे। इस पर सत्येंद सिंह, आशीष सिंह, सावेंद्र सिंह, अंबुज राठौर, अनुज राठौर ने दरोगा अजय सिंह से हाथापाई कर दी। दरोगा ने घटना की जानकारी एसओ बलराज भाटी को दी।
पुलिस ने दरोगा अजय की तहरीर पर सत्येंद्र सिंह, आशीष सिंह, सावेंद्र सिंह, अंबुुज, अनुज राठौर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे घरों में नहीं मिले। सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार ने बताया कि दरोगा दुर्घटना होने पर मौके पर पहुंचे थे। एक पक्ष के लोगों ने दरोगा से हाथापाई की है।