फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में सोमवार को छुट्टी होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीज अल्ट्रासाउंड कराए बिना ही लौट गए।
गुरु तेग बहादुर शहीद दिवस पर छुट्टी होने के कारण सोमवार को लोहिया अस्पताल दोपहर 12 बजे तक ही खोला गया। सुबह दस बजे डाक्टर कक्षों में बैठ गए। अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगने लगी थी। दोपहर 12 बजे डाक्टर अपने कक्षों से उठ कर चले गए। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने आईं प्रिया देवी, नीतू, गुड्डी को डा. योगेंद्र सिंह ने वापस कर दिया। उन्होंने बताया कि छुट्टी होने के कारण 11.30 बजे तक ही अल्ट्रासाउंड किए गए। कई मरीजों को दवा काउंटर से भी बिना दवा के लौटना पड़ा। हड्डी रोग से पीड़ित विनोद व पप्पू का कहना था कि वह अस्पताल आए लेकिन डाक्टर नहीं मिले। पैर में काफी दर्द हो रहा था। चार दिन पहले वह दवा लेकर गए थे। इसके साथ ही रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए आने वालों को भी निराश होकर जाना पड़ा।