फर्रुखाबाद। अलग-अलग हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मऊदवाजा के छोटी बरौन निवासी दिलीप कुमार सक्सेना शुक्रवार को खेत की ओर जा रहे थे। गांव से कुछ ही दूरी पर बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए। चालक बाइक लेकर फरार हो गया। जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। थाना शमसाबाद के गांव सरैया निवासी डाक्टर घुरईलाल गुरुवार को बाइक से घर लौट रहे थे। संतोषापुर और लोहापानी के बीच अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। काफी देर तक वह सड़क किनारे पड़े रहे। उधर से निकले लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। बेटे राजकुमार ने उनको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। थाना मऊदरवाजा के गांव आवाजपुर निवासी प्रमोद कुमार साइकिल से बाजार कर लौट रहे थे। हथियापुर रेलवे क्रासिंग के पास बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया। उनको समाजवादी एंबुलेंस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, जिला मैनपुरी थाना भोगांव के मुरलीनगर निवासी पिंकू और उसका चाचा हाकिम सिंह बाइक से मोहम्मदाबाद से घर लौट रहे थे। मदनपुर के पास सड़क पर जानवर आ जाने पर दोनाें घायल हो गए। इनको भी लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। थाना नवाबगंज के गांव कांधेमई निवासी अरविंद कुमार सड़क हादसे में जख्मी हो गए। परिजनों ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ समय बाद लोग उसे लेकर चले गए।