फर्रुखाबाद। जनपद के निकाय चुनाव में 11 मई को मतदान है। इसके लिए करीब आठ लाख मतपत्र आ गए हैं। इन्हें कलक्ट्रेट स्थित डबल लॉक स्ट्रांग रूम में रखवा दिए गए।
जिले के नौ निकाय क्षेत्रों में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए 11 मई को मतदान होगा। इसके लिए 167 मतदान केंद्र व 483 बूथ बनाए गए हैं। नगर पालिका फर्रुखाबाद में 229933, कायमगंज में 28210, नगर पंचायत कमालगंज में 11861, शमसाबाद में 32258, कंपिल में 11554, मोहम्मदाबाद में 20732, नवाबगंज में 22118, संकिसा बसंतपुर में 17958 व खिमसेपुर में 24886 मतदाता हैं। कुल तीन लाख 99 हजार 510 मतदान अध्यक्ष पद के 150 व सभासद पद के 974 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। शुक्रवार को मुख्यालय पर आठ लाख 19 हजार मतपत्र आ गए हैं। उन्हें कलक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन के नवनिर्मित भवन के डबल लॉक स्ट्रांगरूम में रखवा दिया गया है। इनकी बंडलिंग कराने के बाद आठ मई को निकाय क्षेत्र के आरओ को वितरण किया जाएगा। वह बूथवार मतपत्रों की बंडलिंग कराकर 10 मई को पोलिंग पार्टियों को सौंपेंगे।