कायमगंज। साइबर ठग ने पीआरवी में तैनात सिपाही को फोन पर खुद को बैंक शाखा प्रबंधक बताते हुए चकमा दे दिया। ठग ने सिपाही के खाते से 80840 रुपये पार कर दिए। जानकारी पर सिपाही ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
सिपाही संजय राय पीआरवी 2661 में तैनात हैं। उनके मोबाइल पर शनिवार को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें बताया कि वह स्टेट बैंक मुम्बई हेड आफिस से शाखा प्रबंधक बोल रहा है। उसने अपना आकाश वर्मा उर्फ नजीम खां बताया। बातचीत के दौरान ठग ने कहा आपके नाम हेड आफिस से चेक बुक भेजी जा रही है। अब वह जैसा बताएं वैसा करते रहे। सिपाही संजय राय अपने मोबाइल पर ठग के बताए हुए टिप्स पर क्लिक करते रहे। कुछ देर बाद सिपाही के मोबाइल पर 80840 रुपये खाते से निकल जाने का मैसेज आया तो सिपाही ने उसी नंबर पर कॉल की मगर कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर सिपाही को ठगी होने का एहसास हुआ। इस पर सिपाही ने स्टेट बैंक में जाकर सूचना दी और जानकारी कर खाता लॉक कराया। इसके बाद संजय राय ने आकाश वर्मा उर्फ नजीम खां शाखा प्रबंधक मुंबई के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।