फर्रुखाबाद। बार एसोसिएशन के चुनाव में 10 घंटे चले मतदान में 784 मतदाताओं ने मतदान किया। एल्डर्स कमेटी की ओर से 950 मतदाताओं की सूची जारी की गई थी। मतदान की निष्पक्षता के लिए वीडियोग्राफी के साथ सभागार में हो रही कार्रवाई का एलईडी पर सीधा प्रसारण भी किया गया। जिला जज ने कचहरी परिसर का भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया।
पांच वर्ष बाद जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में सोमवार को मतदान के दिन प्रत्याशी सुबह सात बजे से ही प्रचार सामग्री लेकर कचहरी में पहुंच गए। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष श्रवण कुमार चतुर्वेदी, सदस्य राजकुमार सिंह राठौर, सरदार सूर्य प्रताप सिंह, प्रभुदयाल, चुनाव समिति के पदाधिकारी कुंवर सिंह यादव, शेर सिंह यादव, शहजाद अली उर्फ बंटी, धमेंद्र सिंह, पवन मिश्रा ने सुबह आठ बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू करवाई। बार काउंसिल से जारी सीओपी कार्ड को देखकर ही मतदाताओं को सभागार के अंदर प्रवेश करने दिया गया। एक मतदाता को मतदान के लिए तीन प्रपत्र दिए जा रहे थे।
मतदान में निष्पक्षता को लेकर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी के साथ एलईडी पर सीधा प्रसारण भी किया जा रहा था। बार एसोसिएशन के गेट पर प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं से अपील करके चरण वंदना से भी नहीं चूक रहे थे। सुबह मतदान में वकीलों की रुचि नहीं दिखाई दी। दोपहर दो बजे तक महज तीन सौ वोट ही पड़ सके थे। इसके बाद बार एसोसिएशन के गेट से लेकर मतदान कक्ष तक वकीलों की लंबी लाइन लग गई। जो शाम छह बजे तक यथावत बनी रही। ऐसे में वकील मतदान करने के लिए पसीने में तर बतर हो गए। सुरक्षा को लेकर सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह की अगुवाई में मतदान स्थल से लेकर बाहर तक पुलिस कर्मी तैनात रहे।
जिला जज विनय कुमार, सीएजेम प्रवीण त्यागी ने बार एसोसिएशन के मतदान की स्थित जानने के लिए पूरे परिसर का जायजा लिया। सहायक मीडिया प्रभारी राजीव बाजपेई ने बताया कि 950 मतदाताओं में 784 वोटरों ने मतदान किया है। सात बजे के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-
राजनीतिक व सामाजिक लोग भी कचहरी में डाले रहे डेरा
बार एसोसिएशन के चुनाव में अपने पक्ष के प्रत्याशी को जिताने के लिए कई राजनीतिक व सामाजिक लोगों सहित प्रधान कचहरी में डेरा डाले रहे। वे वकीलों के ड्रैस कोड में कचहरी में आए हुए थे। कचहरी में जगह-जगह प्रत्याशियों ने अपने समर्थक वकीलों के लिए खाने व जलपान की व्यवस्था की थी। चुनाव संपन्न करा रही एल्डर्स कमेटी ने मतदान करके वापस जा रहे सभी मतदाताओें का लंच पैकेट व पानी की बोतल मुहैया कराई जा रही थी।
पूर्व महासचिव भी कचहरी पहुंचे
पूर्व महासचिव संजीव पारिया भी मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही समर्थकों के साथ कचहरी पहुंचे। उन्होंने समर्थक वकीलों के साथ रणनीति तैयार कर सभी को मतदान में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। कई वरिष्ठ वकीलों के मतदाता सूची में नाम भी नहीं थे। लेकिन वह अपने पक्ष के प्रत्याशी को जिताने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए थे। चंद वकील जाति धर्म की दुहाई देकर भी वोटरों को कोने में ले जाकर समझाने में जुटे हुए थे।