फर्रुखाबाद। निकाय चुनाव में इस बार जिले के मतदान का ग्राफ 7.14 प्रतिशत गिर गया। नगर पालिका फर्रुखाबाद सहित सभी निकायों में मतदाताओं ने इस बार रुचि कम दिखाई। तीन निकाय क्षेत्र बढ़ने के बावजूद मतदान प्रतिशत घटा है।
वर्ष 2017 के निकाय चुनाव के दौरान जनपद में 6 निकाय क्षेत्र थे। इसमें दो नगर पालिका और चार नगर पंचायतें थीं। तब जिले में औसतन 69.98 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार जिले में नवाबगंज, खिमसेपुर व संकिसा बसंतपुर नगर पंचायत बनने से नौ निकाय क्षेत्रों में मतदान हुआ। लेकिन जिले में औसतन मतदान 62.84 प्रतिशत पर ही सिमट गया। पुराने निकाय क्षेत्रों पर नजर डालें तो सभी निकायों में इस बार मतदाताओं ने मतदान में रुचि कम दिखाई है। नगर पंचायत कंपिल में तो 12.56 प्रतिशत कम मतदान किया गया। वहीं पहली बार मतदान का मौका मिलने के बावजूद नवसृजित नगर पंचायत खिमसेपुर में 51.29 प्रतिशत, नवाबगंज में सर्वाधिक 75.28 प्रतिशत व संकिसा में 61.35 प्रतिशत मतदान हुआ है।