फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सीएमओ ने कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू में मौजूद 4000 जहरीले तत्वों से शरीर में विभिन्न प्रकार के रोग पैदा होते हैं।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान’ प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन नौ दिन जिला मुख्यालय, सभी ब्लाॅक, कस्बे, गांव, आरोग्य मेला, हेल्थ वेलनेस सेंटर, पीएचसी, तहसील, थाना आदि स्थानों पर पहुंचकर प्रचार करेगा। दो माह तक चलने वाले अभियान के तहत पुलिस, पंचायतीराज, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 800 विद्यालयों व 100 गांवों में जागरूकता कार्यक्रम कर तंबाकू मुक्त घोषित कराने का लक्ष्य है।
सीएमओ ने बताया कि तंबाकू में मौजूद निकोटीन, कैडमियम, वोलोनियम, कार्बनमोनो ऑक्साइड, ब्यूटाडायन, बेंजीन, बेरेलियम, क्रोमियम, फार्मेलिहाइड जैसे 4000 तत्व शरीर के लिए हानिकारक हैं। इसमें बालों का झड़ना, मोतियाबिंद, फेफड़ों का कैंसर, दिल की बीमारी आदि बीमारियां शामिल हैं। नोडल अधिकारी एसीएमओ डाॅ.दलवीर सिंह ने बताया कि नशा छोडने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति होनी चाहिए। जिला सलाहकार एनटीसीपी सूरज दुबे ने बताया कि तंबाकू छोड़ने के लिए लोहिया अस्पताल, सीएचसी व हेल्थ वेलनेस सेंटर पर काउंसलिंग की जा रही है।
इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-112-356 पर सुबह आठ से शाम आठ बजे तक (सोमवार छोड़कर) निःशुल्क काॅल कर तंबाकू छोड़ने में सहयोग ले सकते हैं। एसीएमओ डाॅ.सर्वेश यादव, डीपीएम कंचन बाला आदि मौजूद रहे।