पुलिस गिरफ्त में लूट का आरोपी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। ऑटो पार्टस व्यापारी से 4.25 लाख रुपये लूट में फरार 25 हजार के इनामी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चार आरोपियों को पुलिस छह अक्तूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहर कोतवाली के बालाजीपुरम खानपुर निवासी ऑटो पार्टस व्यापारी गगन कटियार बद्री विशाल डिग्री कॉलेज के सामने स्थित दुकान को तीस सितंबर की रात बंद कर घर जा रहे थे।
रास्ते में उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर बदमाश 4.25 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर भाग गए थे। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
छह अक्तूबर को एसओजी ने व्यापारी से लूट करने में शांतिनगर नगला पजाबा निवासी रवि सिंह, शिवम कुमार, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी आजाद कुशवाह व नीरज जाटव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
उनके पास से 91 हजार रुपये बरामद हुए थे। गंगादरवाजा निवासी अतुल दिवाकर पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
विभाग ने अतुल पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार सुबह एसओजी प्रभारी अशोक कुमार व शहर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने रोडवेज बस अड्डा शिवमंदिर के पास से मुठभेड़ में अतुल दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लुटेरे के पास से पुलिस ने 10500 रुपये, एक तमंचा दो कारतूस कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट मेें पेश करने के बाद जेल भेज दिया।