फर्रुखाबाद। फर्जी कर्मचारियों के बैंक खाते खोलकर 16 लाख के गबन के आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी पहले ही जेल जा चुका है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने कैशियर मनोज कुमार व मोहल्ला इमामबाड़ा निवासी ऑपरेटर फैजान खान के खिलाफ 16 लाख रुपये गबन का मुकदमा 23 जून को दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया कि दोनों ने मिलकर फर्जी कर्मचारियों के छह खाते खोले। खाते में कर्मचारियों का वेतन स्थानांतरित कर 16 लाख रुपये का गबन कर लिया।
पांच खाते फैजान ने अपने परिजनों के नाम पर खोले थे। डीएम संजय कुमार सिंह ने गबन के 16 लाख रुपये रिकवरी करने के आदेेश दिए थे।
कैशियर व कंप्यूटर ऑपरेटर ने गबन के 11 लाख रुपये सरकारी खाते में जमा करा दिए। मुकदमे की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर अपराध कमलेश कुमार ने कैशियर मनोज कुमार को सितंबर में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस ने रविवार को कंप्यूटर ऑपरेटर के घर दबिश देकर पिता व भाई को हिरासत में ले लिया था। पुलिस का दबाव पड़ने पर कंप्यूटर ऑपरेटर फैजान देर रात कोतवाली पहुंच गया।
पुलिस ने सोमवार को आरोपी फैजान को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।