अमर उजाला ब्यूरो
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव निविया में हाईवे के पास पुलिया में बाढ़ के पानी में डूबने से मजदूर की मौत हो गई। साथियों ने उसे बाहर निकाल कर सूचना थाने में दी। मौके पर पहुंची थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाली के खानपुर निवासी राकेश कुमार (35) अपने बहनोई के घर स्माइलगंज थाना अल्हागंज जनपद शाहजहांपुर में रहता था। वह राजेपुर के निविया गांव में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करता था। कोल्ड स्टोरेज के पास ही स्थित पुलिया में इस समय बाढ़ का पानी भरा है। वह सुबह इसी में नहाने लगा। गहरा होने से उसमें डूब गया। जब तक साथियों ने पानी में कूद कर उसे बचाने के प्रयास किया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ठेकेदार श्रीकृष्ण ने मामले की जानकारी राजेपुर थाने में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ब्यूरो