मोहम्मदाबाद। मोबाइल, बाइक व नकदी लूटने में पुलिस ने छह महिलाओं सहित 15 लोगों को हिरासत में लिया है। उनके पास से चार बाइकें व 36 मोबाइल भी पुलिस बरामद कर चुकी है। पुलिस अन्य ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक माह के अंदर मोबाइल, बाइक व नकदी लूटने की कई घटनाएं हुईं। इस मामले में हीलाहवाली बरतने पर इंस्पेक्टर अमर पाल सिंह को एसपी विकास कुमार ने विगत दिनों लाइन हाजिर कर दिया था।
सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार की अगुवाई में टीमों का गठन कर घटनाओं का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। सर्विलांस व एसओजी टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मोहल्ला तकीपुर के एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकानदार सहित चार लोगों को पकड़ लिया। इनसे पूछताछ के बाद टीम ने नवाबगंज थाना क्षेत्र की छह महिलाओं सहित नौ लोगों को पकड़ा है।
सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने इनके पास से चार बाइक व 36 मोबाइल बरामद कर लिए। पुलिस अन्य जगहों पर भी दबिश दे रही है। सूत्रों की माने तो आस पास के कई थाना क्षेत्रों में इन लोगों ने मोबाइल सहित नकदी छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया है।