फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में विषाक्त पदार्थ खाने के बाद भर्ती हुए एक मजदूर की पत्नी से 14 सौ रुपये वसूल लिए गए। जानकारी होने पर ईएमओ ने वार्ड ब्वाय से रुपये वापस कराए।
शमसाबाद के मोहल्ला चौखंडा निवासी रमाकांत (35) मजदूरी करते हैं। शनिवार को उसने घर में विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत गंभीर होने पर पत्नी शशि ने देर रात लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
ईएमओ डॉ. कृष्णकांत ने रमाकांत का इलाज किया। इसके बाद वह वार्ड में गंभीर मरीज को देखने चले गए। इसी दौरान एक वार्ड ब्वाय ने रमाकांत की पत्नी शशि से दो हजार रुपये मांगे। कहा कि जहर खाया है। यदि रुपये नहीं दोगी, तो पुलिस को सूचना भेजी जाएगी। परेशान शशि ने उसे 1400 रुपये दे दिए। अब शशि के पास खाने तक को पैसे नहीं रहे।
मामले की जानकारी होने पर हिंदूवादी संगठन के एक नेता रात में ही लोहिया अस्पताल पहुंच गए। रुपये लेने की जानकारी ईएमओ डॉ. कृष्णकांत को दी गई। इस पर उन्होंने रुपये लेने वाले वार्ड ब्वॉय को फटकार लगाई और रुपये वापस करवा दिए।