संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। एसओ कंपिल सहित 13 पुलिस कर्मियों पर ग्रामीण ने घर में घुसकर लूटपाट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया है। कोर्ट ने इस मामले में एसपी को पत्र भेजने के आदेश दिए हैं।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव निजामुद्दीनपुर निवासी भगवान सिंह ने विशेष न्यायाधीश के कोर्ट में एसओ कंपिल अशोक कुमार, दरोगा मंगल सिंह, श्याम बाबू, दरोगा भाटी व 9 सिपाहियों के खिलाफ याचिका दायर की है। इसमें आरोप लगाया कि वह खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता है। जनपद एटा थाना अलीगंज गांव पहरईया निवासी भांजा रंजीत कुमार कंपिल में रहता है।
उसका भांजे से कोई लेना देना नहीं है। गांव के रौनक व दिलीप ने अलीगंज रोड के गुडलाइफ महाविद्यालय के सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए थे। इन दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया। भांजे रंजीत का भी घटना में शामिल होना बताया। चार अगस्त की शाम को एसओ सहित सभी लोग उसके घर पर आए और नई बाइक, मक्का व टमाटर बिक्री के 3.30 लाख रुपये, सोने चांदी के जेवरात लूट लिए।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। विरोध करने पर सभी लोगों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर गाली-गलौज किया। मारपीट कर परिजनों को अपमानित किया। इस मामले में एसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने पूरे मामले की सुनवाई करते हुए एसपी को पत्र भेजकर इस मामले में की गई कार्रवाई के बारे में पूछा है। सुनवाई के लिए आठ सितंबर की तिथि नियत की गई है।