फर्रुखाबाद। इटावा से फर्रुखाबाद आ रही स्थानीय डिपो की एक बस में प्रयागराज की स्कॉट और इटावा क्षेत्र की इंटरसेप्टर टीम ने 11 सवारी बिना टिकट पकड़ लीं। परिचालक को ड्यूटी से हटाकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय डिपो की अनुबंधित एक बस रविवार को इटावा से लौट रही थी। किसनी-कुसमरा के बीच में प्रयागराज की स्कॉट टीम ने जांच की। टीम को बस में 29 सवारियां मिलीं। इनमें से पांच की टिकट नहीं बनाई गई थी। हालांकि यात्रियों से परिचालक विवेक पाल ने किराया ले लिया था। यही बस जब बेवर से फर्रुखाबाद के लिए चली तो धीरपुर के पास इटावा क्षेत्र की इंटरसेप्टर टीम ने रोक लिया। टीम ने बस की जांच की, तो पता चला कि उसमें छह यात्री बिना टिकट मिले। दोनों टीमों ने एक ही बस में 11 यात्री बिना टिकट पकड़ लिए। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी। डिपो के संचालन प्रभारी गौरीशंकर ने बताया कि परिचालक विवेक पाल को ड्यूटी से हटा दिया गया है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी गर्दन फंसती देख की चेकिंग
प्रयागराज के स्कॉट की जांच में पांच यात्री बिना टिकट पकड़े जाने की भनक जैसे ही इटावा के इंटरसेप्टर टीम को मिली, तो उसने अपनी गर्दन बचाने के लिए उसी बस को धीरपुर के पास चेक कर लिया। नियमानुसार पांच से अधिक बिना टिकट यात्री पकड़े जाने पर जांच टीम के साथ संबंधित क्षेत्र के एआरएम से भी स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।