फर्रुखाबाद। साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) और उनकी पत्नी के खाते से 1.07 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर के मोहल्ला गढ़ी अशरफ अली खां निवासी रामवीर शाक्य मोहम्मदाबाद में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। पत्नी की बीमारी के चलते उनका खाता भी वह खुद संचालित करते हैं। उन्होंने बीमार पत्नी के इलाज के लिए 19 मई की शाम इलाज के लिए अपोलो अस्पताल काशीपुर, उत्तराखंड गूगल पर सर्च किया। हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की, तो एक लिंक भेजकर मरीज का नाम व मोबाइल नंबर तथा डॉक्टर के बारे में जानकारी ली गई। ऑनलाइन 10 रुपये भी भुगतान कर दिए गए। उसने बैंक का नाम पूछा, तो फ्राड का आभास होने पर प्रक्रिया बंद कर दी।
प्रक्रिया के दौरान ही दो नंबरों से कॉल आई, मगर रिसीव नहीं किया। इसके बाद वह गोशालाओं संबंधी बैठक में चले गए। शाम पौने सात बजे खाते से 88 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। घर आने पर पत्नी के खाते से एक बार 15 हजार, दोबारा में 4500 व तीसरी बार में 193 रुपये निकाले गए। पति व पत्नी के खाते से 1,07,643 रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर कर दी है।