संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने के साथ हर रोज 10 ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। बिजली गुल होने से एक ओर उपभोक्ता परेशान हैं दूसरी ओर विभाग को भी क्षति हो रही है। जिले में 145 करोड़ से चल रही रिवैंप्ड योजना भी राहत नहीं दे सकी। इसका खामियाजा उपभोक्ता गर्मी व उमस में परेशान होकर उठा रहे हैं।
शासन से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने के आदेश हैं। वहीं जिले में जर्जर व्यवस्था से बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को फाल्ट के झटके दे रही है। शहर से लेकर गांव तक पुराने इंतजामों पर नये कनेक्शन लगातार बढ़ रहे हैं। इससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होते जा रहे है। मौसम में जैसे-जैसे तापमान बढ़ा, बिजली खपत भी बढ़ती चली गई। इससे लोड बढ़ने के साथ सिस्टम हांफने लगा और ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं।
बिजली विभाग के वर्कशाप के आंकड़ों को देखें तो हर रोज 10 ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। इसके पीछे बताया जा रहा है कि जर्जर तार व केबलों में लोड बढ़ने के साथ फाल्ट बढ़े। इससे ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड होकर फुंक रहे हैं। गर्मी के मौसम में जुलाई में चार माह रिकार्ड टूट गया और 296 ट्रांसफार्मर फुंक गए। इससे औसतन 10 ट्रांसफार्मर प्रतिदिन फुंक रहे हैं।
जनपद में जर्जर तार व ओवरलोडिंग से निजात के लिए शासन ने 145 करोड़ से रिवैंप्ड योजना से काम शुरू कराया। कार्यदायी संस्था को जिले में काम करते सात माह बीत चुके हैं, लेकिन शहर से लेकर गांव तक न तो जर्जर तारों से निजात मिली और न ही ओवरलोडिंग से। इससे फाल्ट के झटकों के साथ ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों को गर्मी में बिजली न मिलने से लगातार कई घंटे पसीना बहाना पड़ रहा है।
गर्मी के साथ ट्रांसफार्मर फुंकने की संख्या बढ़ी
गर्मी में पिछले चार माह का रिकार्ड देखें तो अप्रैल में 155 ट्रांसफार्मर फुंके। तापमान बढ़ा मई में यह संख्या बढ़कर 195 पहुंच गई। जून में गर्मी और बढ़ तो 208 ट्रांसफार्मर दगा दे गए। जुलाई में उमस भरी गर्मी हुई तो इससे बचने के लिए कूलर, पंखा, एसी खूब चले। लोड बढ़ने से जिले में 296 ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के चलते फुंक गए। अगस्त के 10 दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलने के बावजूद 81 ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं।
25 केवीए के सर्वाधिक फुंके ट्रांसफार्मर
गांव व मोहल्लों में 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर पर जिम्मेदारों ने 40 से 50 कनेक्शन बांट दिए। क्षमता वृद्धि न होने से यह ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं। जुलाई में 25केवीए के सर्वाधिक 173 ट्रांसफार्मर फुंके। इसके अलावा 10केवीए के दो, 16 के पांच, 63 के 46, 100केवीए के 53, 160 का एक, 250 के सात, 400 के सात व 630 केवीए के दो ट्रांसफार्मर दगा दे गए।
-
बुढ़नामऊ में एक माह बाद बदला था ट्रांसफार्मर
बुढ़नामऊ में एक माह बाद बदला था ट्रांसफार्मर फतेहगढ़ से सटे गांव बुढ़नामऊ में 16 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर पर करीब 40-50 कनेक्शन दिए गए हैं। जून में यह ट्रांसफार्मर तीन बार फुंकने पर ग्रामीणों ने विरोध करते हुए क्षमतावृद्धि की मांग की। पत्रावली तैयार करने से लेकर स्वीकृति के बीच करीब एक माह तक ट्रांसफार्मर न लगने से उपभोक्ता गर्मी में बिलबिलाते रहे। गत माह 25केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू की गई।
नियम तोड़ ट्रैक्टर-ट्राली से जा रहे ट्रांसफार्मर
बेवर रोड स्थित बिजली विभाग के वर्कशाप से नियम विरुद्ध तरीके से ठेकेदार ट्रैक्टर-ट्राली से ट्रांसफार्मर ढो रहा है। जबकि अनुबंध में कामर्शियल वाहन लगाने के आदेश हैं। यह खेल महीनों से चल रहा है।
क्या कहते जिम्मेदार
वर्कशाप के सहायक अभियंता सत्यप्रकाश ने बताया कि ओवरलोडिंग में ट्रांसफार्मर अधिक फुंक रहे हैं। बरसात में गंतव्य तक ट्रांसफार्मर पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से भेजे जा रहे। सामान्य दिनों में कामर्शियल वाहन से ट्रांसफार्मर भेजे जाते हैं।