फर्रुखाबाद। एक ही रात में चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। चोर दो घरों से नकदी, जेवर समेत 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
एक अन्य घर का ताला तोड़ा और दूसरे घर में लगी ग्रिल काटी। गनीमत रही कि नुकसान नहीं हुआ। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।
मऊदरवाजा थाने के गांव देवरामपुर स्थित गीतापुरम कालोनी निवासी अर्जुन यादव उर्फ आयुष, मां उमाकांती, भाभी ज्योति के साथ पैतृक गांव भटासा गए थे।
बुधवार देर रात में चोरों ने उनके मकान के गेट के ताले तोड़ दिए। कमरों और बक्सा, अलमारी के ताले तोड़कर दो हार, दो चेन, दो जोड़ी कंगन, कुंडल, पायल और 80 हजार रुपये समेत करीब साढ़े सात लाख रुपये सामान चोरी कर लिया।
पड़ोसी गांव खगऊ निवासी रामपाल सिंह यादव, पत्नी अनामिका के साथ दूज कराने कन्नौज गए थे। उनके गेट के ताले तोड़कर चोरों ने 50 हजार रुपये, सोने का एक हार, चेन, दो अंगूठी समेत ढाई लाख का सामान चोरी कर लिया।
रामपाल के मौसा राघवेंद्र यादव की खिड़की की ग्रिल काट दी। तभी वह जाग गए तो चोरों ने मुख्य गेट में बाहर से ताला डाल दिया।
इसी दौरान कौशलेंद्र यादव के नवनिर्मित मकान का ताला तोड़ा, मगर उसमें कोई सामान नहीं था। राघवेंद्र ने रात ढाई बजे पुलिस को सूचना दी। अर्जुन की मां उमाकांती ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।