अयोध्या। अलाव तापते समय आग की चपेट में आकर युवक बुरी तरह झुलस गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मिल्कीपुर भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा का थाना कैंट स्थित बढ़ई का पुरवा में आवास है।
शनिवार रात आवास के पीछे खाली मैदान में चार-पांच लोग अलाव जलाकर आग सेंक रहे थे। विधायक का एक कर्मचारी जगदंबा (45) पुत्र राजबली निवासी बढ़ई का पुरवा चारपाई पर बैठा हुआ था। अचानक वह आग में गिरकर बुरी तरह झुलस गया।
आनन-फानन उसे जिला अस्पताल जे जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रात करीब 11 बजे शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों के हवाले कर दिया। एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अधिक जलने की वजह से मौत होने की बात सामने आई है। मामले में किसी तरह की शिकायत या तहरीर नहीं मिली है।