अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ककराही में पेड़ काटने के दौरान बिजली का खम्भा टूटकर गिर गया। जिसके नीचे दबकर रिश्तेदारी में आए युवक की मौत हो गई।
पीड़ित पिता शिवनरायन निवासी ग्राम सभा रमवापुर थाना दुबौलिया बस्ती का आरोप है कि उनका लड़का उपेंद्र (20) ककराही गांव में नन्दलाल गोस्वामी के यहां रिश्तेदारी में आया हुआ था।
वह गांव के पिंटू व राम नाथ के साथ मंगलवार को जा रहा था। उसी दौरान सड़क के किनारे यूकेलिप्टस के एक पेड़ को ग्राम सभा निवासी लालजी वर्मा काट रहे थे। पेड़ बगल में लगे बिजली के खम्भे पर गिर पड़ा और खम्भा उपेंद्र के ऊपर गिर पड़ा।
जिससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर लाल जी वर्मा के ऊपर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।