बड़ागांव। रौनाही थाना क्षेत्र में हाईवे पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार रात करीब 9 बजे अरकुना निवासी अजय वर्मा (35) एक कार्यक्रम से वापस अपने घर जा रहे थे। अरकुना चौराहे पर बने अवैध कट के पास सड़क पार करते समय लखनऊ की ओर जा रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पर इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। ग्रामीण जगजीवन वर्मा, पिंटू वर्मा ने बताया कि यह कट राष्ट्रीय राजमार्ग के मानक के विपरीत है।
यहां पर बीते दिनों किसान नेता अजय त्यागी व राम उजागीर पटेल की भी मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन मौन है। टोल मैनेजर विनय वर्मा ने बताया कि इस अवैध कट को बंद करा दिया गया था, लेकिन ग्रामीणों ने दोबारा खोल लिया।