अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के दबंग युवकों की सूची में मृतक और विदेश में रहने वाले ही नहीं बल्कि मानवाधिकार आयोग में सहायक जन सूचना अधिकारी को भी शामिल कर लिया गया है।
सोमवार को उप जिलाधिकारी न्यायालय में मुचलका भरने वाले सीआरपीसी धारा 107/116 के आरोपी विनोद द्विवेदी निवासी मुबारकगंज मानवाधिकार आयोग में सहायक जनसूचना अधिकारी पद पर लखनऊ में कार्यरत हैं।
जारी समन के दिन 7 व 8 अगस्त को ऑन ड्यूटी थे। जिन्हें पुलिस ने दबंगों की सूची में डाल रखा है। यही नहीं वर्षों पहले मृतक लहरापुर मजरे पूरे देवी तिवारी निवासी पवन कुमार तिवारी का नाम भी दबंगों की सूची में शामिल है, जिनका समन भी जारी हो चुका है।
रौनाही बरिया टोला निवासी मो. तौफीक खान का नाम पुलिस ने पिछले वर्ष से सऊदी अरब में रहते हुए 107/116 के तहत पाबंद कर दिया। उपजिलाधिकारी विपिन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा भेजी जा रही पाबंदों की सूची में गलत नाम आए तो उन्हें निकाल दिया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर जांच कर कार्रवाई भी होगी।