ग्राम पंचायत का चुनाव परिणाम आने और शपथ होने के बाद भी एक दर्जन निर्वाचित ग्राम प्रधानों को अब न्यायालय का चक्कर काटना होगा। तारुन और बीकापुर ब्लॉक के एक दर्जन से अधिक चुनाव हारे प्रत्याशियों ने धांधली का आरोप लगते हुए एसडीएम कोर्ट में पंचायत राज अधिनियम के तहत रिट दायर की है।
तारुन ब्लॉक के ककराही, दांदूपुर, यादवपुर और बीकापुर ब्लॉक के भैरवपुर टिकरा, मुमारिच नगर, सराय खर्गी, शिवतर, कौड़ेला, सराय भनौली, परोमा एवं हैरिंग्टनगंज की मुकीमपुर उर्फ पहाड़पुर, चंदीपुर नगहरा ग्राम पंचायतों में मामूली मतों से हारे प्रत्याशियों ने धांधली का आरोप लगाते हुए रिट दायर की है।
मजे की बात है कि खिड़दिरपुर गांव में ग्राम सदस्य का एक मत से चुनाव हारी चंद्रावती ने भी सदस्य बनने के लिए निर्वाचित सदस्य भारती को पार्टी बना कर रिट दायर किया है।
एसडीएम के क्रिमिनल अहलमद राज बहादुर यादव ने बताया कि अभी कुछ और ग्राम पंचायतों से रिट होने के लिए दायरा मिला है लेकिन अभी दायरा अधूरा है।
बताया कि ककराही में शांति देवी, दांदूपुर में मंगल गिरी, भैरवपुर टिकरा में रामकिशन यादव, मुमरिच नगर में कृष्णा प्रताप, सराय खर्गी में भगना देवी, मुकीमपुर में मंजू देवी, चन्दीपुर नगहरा में मुकेश, यादवपुर में अजित कुमार, शिवतर में देवमणि, कौड़ेला में परमेश्वरदीन, सराय भनौली में गीता गौढ़ और परोमा में जगदीश ने याचिका दायर की है।