अयोध्या। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहादत दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में गुरुवार को दोनों नेताओं के चित्र पर कांग्रेसजनों ने फूल-माला अर्पित की। इसके साथ ही इन दोनों नेताओं के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
कमला नेहरू भवन में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहादत दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में आयोजित विचार गोष्ठी में एआईसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह, केके सिन्हा, सुनील पाठक, रामदास वर्मा व शीतला पाठक ने इंदिरा गांधी को दृढ़ निश्चय वाली आयरन लेडी बताया। कहा कि इंदिरा गांधी के विचार, उनकी कार्यशैली और पार्टी के प्रति उनके त्याग व समर्पण को कांग्रेसजन आत्मसात कर देश व समाज के साथ-साथ पार्टी के विकास में महती भूमिका अदा कर सकते हैं।
सरदार वल्लभ भाई पटेल के साहसिक निर्णय को हम आत्मसात करके पार्टी और देश के लिए सहायक हो सकते हैं। गोष्ठी में अशोक सिंह, चेत नारायण सिंह, सुनीता निषाद, इकबाल मुस्तफा, एएसपी चौबे, हरिपाल वर्मा, संजय तिवारी, मधु पाठक, हरे कृष्ण गुप्ता, हरिपाल वर्मा, अब्दुल हकीम, शरद शुक्ल, करण त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।