अयोध्या। यश पेपर मिल में शुक्रवार को रोटावेटर की चपेट में आकर एक श्रमिक की मौत हो गई। ट्रक से बगास अनलोडिंग करने आया था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को मिल के गेट पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रर्दशन किया। मिल के संर्पक प्रमुख गौतम घोष ने बताया कि थाना महराजगंज के रसड़ा गांव निवासी श्रमिक विकास पाल का काम के दौरान अंगोछा अचानक रोटावेट की चपेट में आ गया। जिससे उसका गला कस गया। आननफानन उसे रोटावेटर से मुक्त कराकर मिल के अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मिल की तरफ से परिवारीजनों को मोके पर ही एक लाख रुपये नकद दिये गये हैं। एक माह के अंदर 10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा बालिग होने पर विकास के भाई को योग्यतानुसार नौकरी दी जाएगी और उसकी बहन की शादी में आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इसका लिखित आश्वासन मिल की तरफ से उसके परिवारीजनों को दिया गया है। संवाद