अयोध्या के मवई सुल्तानपुर गांव में कल्याणी नदी पर टूटा लकड़ी का पुल।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। रुदौली तहसील में विकास खंड मवई के सुल्तानपुर गांव के पास कल्याणी नदी पर बना लकड़ी का पुल गुरुवार शाम टूट गया।
इस दौरान बाइक से पुल पार कर रहे दो सगे भाई नदी में बाइक समेत गिर गए। हालांकि दोनों भाई तैरकर किनारे पर आ गए लेकिन उनकी बाइक नदी में बह गई।
स्थानीय लोग काफी दिनों से यहां पुल बनाने की मांग कर रहे थे लेकिन सुनवाई न होने पर उन्होंने अपनी सुविधा के लिए लकड़ी के इस पुल का स्वत: निर्माण कर लिया था। इस पर जान जोखिम में डालकर ग्रामीण व स्कूली बच्चे रोजाना सफर करते हैं।
गुरुवार शाम फिरोजपुर अलियाबाद निवासी सगे भाई रामसुमन व रामसमुझ बाइक से लकड़ी के पुल को पार कर रहे थे। तभी अचानक पुल के बीच का एक हिस्सा टूटकर नदी में गिर गया, उसकी चपेट में आकर दोनों भाई बाइक समेत नदी में गिर गए।
हालांकि दोनों भाई तैरना जानते थे, इसलिए वो तैरकर किनारे पहुंच गए और उनकी जान बच गई लेकिन बाइक समेत नदी में गिरने से दोनों भाइयों को मामूली चोटें आईं हैं। बाइक भी उफनाई नदी में बह गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने नदी में बाइक को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।