अयोध्या। प्रदेश सरकार से नि:शुल्क सिलिंडर मिलने की जानकारी से लाभार्थी महिलाएं खुश हैं। महिलाएं प्रस्तावित उज्ज्वला लाभार्थियों को नि:शुल्क सिलिंडर रिफिल वितरण कार्यक्रम में पहुंची थीं।
कमिश्नरी के सभागार में नि:शुल्क सिलेंडर से संबंधित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण था। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन था।
यहां मुख्य अतिथि सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रामचंद्र यादव लाइव प्रसार सुनने पहुंचे थे।
कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को भी बुलाया गया था। प्रसारण के बाद मुख्य अतिथि व जन प्रतिनिधियों के हाथों से 10 उज्ज्वला लाभार्थियों को सब्सिडी का प्रतीकात्मक चेक तथा 10 उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक सिलिंडर वितरित कराया गया।
अन्य उज्ज्वला लाभार्थियों को जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने सब्सिडी का प्रतीकात्मक चेक दिया। मौजूद लाभार्थी रेखा, कुसुमा ने कहा कि नि:शुल्क सिलिंडर मिलने से खुशी है।
बताया कि जिले में योजना के तहत 221850 कनेक्शन दिए गए हैं। 204116 लाभार्थियों के आधार बैंक खाते से लिंक हैं, शेष 17734 लाभार्थी अपने आधार को बैंक खाते से लिंक करा लें।