अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र अंतर्गत दराबगंज इलाके में रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा भतीजा बाल-बाल बच गया।
कैंट क्षेत्र के मुमताजनगर निवासी व पॉवर कॉरपोरेशन में अकाउंटेंट के पद पर तैनात राजेश तिवारी की पत्नी राजकुमारी (40) सुबह बाइक पर पीछे बैठकर शहर आ रही थी। बाइक उनका भतीजा राजेश चला रहा था।
अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दराबगंज के पास करीब 11:30 बजे मसौधा चीनी मिल जा रही एक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक उसकी चपेट में आ गई।
इस हादसे में राजकुमारी सड़क पर गिर गई और ट्रॉली का पिछला हिस्सा उनके ऊपर चढ़ गया। जबकि भतीजा सड़क के दूसरी ओर गिरा और बाल-बाल बच गया, उसने हेलमेट लगाया था। स्थानीय लोग राजकुमारी को जिला अस्पताल लेकर गए।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी कैंट केके मिश्र ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद